दिल्ली में आया एक और मंकीपॉक्स का नया मामला, देश में कुल संख्या 9 हुई

भारत में मंकीपॉक्स के मामले बढ़ते ही जा रहे हैं। नया मामला दिल्ली में आया है, जहां 31 वर्षीय महिला मंकीपॉक्स से संक्रमित हुई है। वहीं अब देश में मंकीपॉक्स के मरीजों की संख्या नौ हो गई है।

दिल्ली में अब तक मंकीपॉक्स के चार मामले सामने आ चुके हैं। दो मरीजों का इलाज लोकनायक जयप्रकाश अस्पताल में चल रहा है। देश में पहली बार कोई महिला मंकीपॉक्स पॉजिटिव पाई गई है। महिला नाइजीरिया की रहने वाली है, लेकिन फिलहाल वेस्ट दिल्ली में रहती थी। महिला को एक दिन पहले ही डीडीयू अस्पताल से लोकनायक अस्पताल रेफर किया गया था।

बता दें, दिल्ली सरकार ने मंकीपॉक्स के बढ़ते मामलों को देखते हुए तैयारियां तेज कर दी हैं. इसके लिए दिल्ली सरकार ने लोकनायक जयप्रकाश अस्पताल में 20 आइसोलेशन रूम, गुरुतेग बहादुर अस्पताल में 10 आइसोलेशन रूम और डॉ. बाबा साहेब अम्बेडकर अस्पताल में 10 आइसोलेशन रूम आरक्षित किए हैं।