दिल्ली के तीनों नगर निगमों का होगा विलय, केंद्र सरकार ने लोकसभा में पेश किया बिल

केंद्र सरकार की ओर से आज शुक्रवार को दिल्ली नगर निगम के विलय संबंधी विधेयक को लोकसभा में पेश कर दिया गया। इस विधेयक के संसद में पास होने के बाद तीनों नगर निगम मिलकर एक नगर निगम हो जाएगा।

केंद्रीय मंत्रिमंडल ने इस हफ्ते मंगलवार को दिल्ली के तीनों नगर निगमों के विलय के विधेयक को मंजूरी दे दी थी। 2011 में दिल्ली नगर निगम का बंटवारा किया गया था और अब करीब 11 साल बाद फिर से विलय किया जा रहा है।

दिल्ली नगर निगम (संशोधन विधेयक) के जरिए दिल्ली के तीनों नगर निगमों का आपस में विलय करके उन्हें एक कर दिया जाएगा। इस विधेयक को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की ओर से गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय ने पेश किया।