झारखंड: SI संध्या टोपनो की चेकिंग के दौरान गाड़ी से कुचलकर हत्या, चालक पुलिस की गिरफ्त में

झारखंड के रांची में एक महिला SI की गाड़ी से कुचलकर हत्या कर दी गई है। रांची के तुपुदाना थाने में तैनात महिला दारोगा संध्या टोपनो के साथ वारदात को उस समय अंजाम दिया गया, जब वे अपराधियों का पीछा कर रही थीं।

रांची के एसएसपी ने इस घटना पर बयान जारी किया है। उन्होंने बताया, ‘संध्या टोपनो नाम की एक महिला सब-इंस्पेक्टर की बीती रात वाहन चेकिंग के दौरान मौत हो गई। वह तुपुदाना ओपी के प्रभारी के पद पर तैनात थीं। आरोपी को गिरफ्तार कर वाहन सीज कर लिया गया है।’

मिली जानकारी के मुताबिक, सिमडेगा पुलिस को सूचना मिली थी कि गौतस्कर सिमडेगा से पिकअप वैन में तस्करी के लिए पशुओं को ले जा रहे हैं। इसके बाद सिमडेगा के बसिया थाना पुलिस ने पिकअप वैन का पीछा किया। पशुओं से लदा पिकअप वैन लेकर चालक भागने लगा। इसकी सूचना खुंटी पुलिस को दी।

खूंटी पुलिस ने रात में नाका पर चैकिंग की लेकिन वैन चकमा देकर रांची की ओर निकल गई। इसके बाद सिमडेगा पुलिस ने सूचना रांची पुलिस को दी। रांची पुलिस ने खूंटी-रांची सीमा के तुपुदाना ओपी क्षेत्र के हुलहुन्दू के पास चैकिंग लगाई। इसी बीच करीब 3 बजे बड़ी तेजी से एक सफेद रंग का पिकअप वैन आते दिखा।

चैकिंग पोस्ट पर सब-इंस्पेक्टर संध्या टोपनो दलबल के साथ थीं। उन्होंने गाड़ी को रुकने का इशारा किया लेकिन चालक ने गाड़ी महिला दरोगा के ऊपर चढ़ा दी और भागने लगा। दरोगा की मौके पर ही मौत हो गई। कुछ दूरी पर गश्ती दल ने आरोपी को दबोच लिया। बताया जाता है कि गाड़ी से कई तस्कर कूदकर भाग गए हैं। चालक पुलिस की गिरफ्त में है।