चंडीगढ़ कांग्रेस को बड़ा झटका, पार्षद गुरचरण जीत सिंह काला BJP में हुए शामिल

Gurcharan Jeet Singh Kala

चंडीगढ़ के वार्ड संख्या 20 से कांग्रेस पार्षद गुरचरण जीत सिंह काला पार्टी छोड़ कर बुधवार को भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) में शामिल हो गए है। चंडीगढ़ प्रदेश भाजपा अध्यक्ष अरुण सूद, सांसद किरण खेर और महापौर सरबजीत कौर ढिल्लों की उपस्थिति में गुरचरण सिंह काला ने बीजेपी का दामन थामा।

इस मौके पर गुरचरण जीत सिंह काला ने कहा कि उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की नीतियों एवं कार्यक्रमों से प्रभावित होकर कांग्रेस छोड़ने का फैसला लिया है। वहीं, अरुण सूद ने कहा कि गुरचरण सिंह ने घर वापसी की है क्योंकि वह पहले भी दो बार भाजपा के चंडीगढ़ किसान मोर्चा के महामंत्री रह चुके हैं।

उन्होंने आगे कहा कि भाजपा के विकास की नीतियों से प्रभावित होकर गुरचरणजीत सिंह काला ने भाजपा ज्वाइन करने का जो फैसला किया है उसका हम स्वागत करते हैं।

इस दौरान सांसद किरण खेर ने गुरचरणजीत सिंह काला का पार्टी में स्वागत करते हुए कहा कि यह केवल भारतीय जनता पार्टी ही है जो विकास के कार्य करवाने में हमेशा अग्रणी रहती है किसी और पार्टी की विकास के कार्यों में कोई रुचि नहीं है। उन्होंने कहा कि गुरचरण जीत सिंह काला के पार्टी में आने से शहर के विकास के कार्यो को मजबूती मिलेगी।