चंडीगढ़ यूनिवर्सिटी MMS लीक मामले में अरुणाचल प्रदेश से सेना का जवान गिरफ्तार

chandigarh mms jawan arrest

चंडीगढ़ विश्वविद्यालय की छात्राओं के वीडियो लीक मामले में पंजाब पुलिस ने अरुणाचल प्रदेश के सेला दर्रे से सेना के एक जवान को गिरफ्तार किया है।

पंजाब के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) गौरव यादव ने शनिवार को बताया कि सेना, असम और अरुणाचल पुलिस की मदद से अरुणाचल प्रदेश के सेला पास से आरोपी सैन्यकर्मी संजीव सिंह को गिरफ्तार किया गया है।

उन्होंने बताया कि मोहाली कोर्ट के समक्ष पेश करने के लिए एलडी सीजेएम बोमडिला से ट्रांजिट रिमांड प्राप्त किया गया है।

डीजीपी ने बताया कि, गिरफ्तार संजीव सिंह पर आरोपी छात्रा को ब्लैकमेल करने का संदेह है। यह गिरफ्तारी पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान द्वारा मामले की उच्च-स्तरीय जांच के आदेश देने के कुछ दिनों बाद हुई है। सीएम के आदेश पर एडीजीपी गुरप्रीत कौर देव की निगरानी में तीन सदस्यीय सभी महिला विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया गया था।

डीजीपी यादव ने बताया कि फॉरेंसिक और डिजिटल सबूतों के आधार पर मोहाली से पुलिस टीम को आरोपी को गिरफ्तार करने के लिए अरुणाचल प्रदेश भेजा गया था।

उन्होंने कहा कि सेना के जवान को अरुणाचल प्रदेश पुलिस, असम पुलिस और भारतीय सेना के सहयोग से सेला दर्रे से गिरफ्तार किया गया। उन्होंने कहा कि मोहाली पुलिस ने मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट (सीजेएम) बोमडिला की अदालत से आरोपी को मोहाली में मजिस्ट्रेट के सामने पेश करने के लिए दो दिन की ट्रांजिट रिमांड हासिल की है।

बता दें कि मोहाली पुलिस छात्रा और हिमाचल प्रदेश से दो अन्य लोगों सहित तीन लोगों को पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है और उनके पास से कुछ इलेक्ट्रॉनिक उपकरण जब्त किए गए हैं।