गया से जीतन मांझी होंगे राजग के उम्मीदवार, उनकी पार्टी ने की घोषणा

बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री जीतन राम मांझी प्रदेश के गया लोकसभा सीट (सुरक्षित) से राजग के उम्मीदवार होंगे। मांझी की पार्टी हिंदुस्तानी अवाम मोर्चा ने बृहस्पतिवार को इस आशय की घोषणा की।

गया स्थित पार्टी के केंद्रीय कार्यालय की ओर से जारी बयान के अनुसार, मांझी की उम्मीदवारी को उनके बेटे और राज्य मंत्री संतोष सुमन ने मंजूरी दे दी।

सुमन हिंदुस्तानी अवाम मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष हैं।

राजग ने इस सप्ताह की शुरुआत में बिहार में अपने घटक दलों के बीच सीटबंटवारे के फॉर्मूले की घोषणा की थी, जिसके तहत प्रदेश की कुल 40 लोकसभा सीटों में से भाजपा 17 सीटों पर और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की पार्टी जदयू 16 सीटों पर चुनाव लड़ेगी।

राजग में शामिल चिराग पासवान की लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) को पांच सीटें दी गई हैं जबकि मांझी की पार्टी को गया और पूर्व केंद्रीय मंत्री उपेंद्र कुशवाहा की राष्ट्रीय लोक मोर्चा को काराकाट सीट सौंपी गई है।