खेलो इंडिया यूथ गेम्स में महाराष्ट्र का दबदबा, 9 गोल्ड के साथ पदक तालिका में पहले नंबर पर, छह स्वर्ण के साथ दूसरे नंबर पर हरियाणा

khelo india

खेलो इंडिया यूथ गेम्स के चौथे संस्करण में रविवार को गत दो बार के चैंपियन महाराष्ट्र ने नौ स्वर्ण पदक के साथ पदक तालिका में बढ़त बना ली जबकि मेजबान हरियाणा छह स्वर्ण के साथ दूसरे स्थान पर है। वहीं, मणिपुर चार स्वर्ण के साथ तीसरे स्थान पर है।

कुश्ती में हरियाणा ने पांच स्वर्ण और साइक्लिंग में एक स्वर्ण जीता। हरियाणा ने सबसे अधिक कुल पदक 23 जीत लिए है जबकि महाराष्ट्र के 17 पदक है जिसमें नौ स्वर्ण, चार रजत और चार कांस्य पदक शामिल हैं। महाराष्ट्र ने भारोत्तोलन में चार में से तीन, योग में तीन और एक स्वर्ण साइक्लिंग में जीता।

इसके अलावा मणिपुर थांग ता में चार स्वर्ण जीतकर पदक तालिका में तीसरे स्थान पर पहुंच गया। भारोत्तोलन में दो नए युवा राष्ट्रीय रिकॉर्ड भी बने। वहीं, कुश्ती का पावरहाउस कहे जाने वाले हरियाणा ने चौथे खेलो इंडिया यूथ गेम्स में कुश्ती मुकाबलों में अपनी धाक जमाते हुए सभी पांच स्वर्ण पदक जीत लिए।

हरियाणा के साहिल जागलान ने पुरुष फ्री स्टाइल 92 किग्रा में स्वर्ण जीता जबकि रोनित शर्मा ने ग्रीको रोमन शैली 51 किग्रा में और अंकित ने 60 किग्रा में स्वर्ण जीता। महिला वर्ग में हरियाणा की तन्नू ने 46 किग्रा और ज्योति ने 57 किग्रा में स्वर्ण जीते।

उधर, खेलो इंडिया की साइक्लिंग प्रतियोगिता मेें मेज़बान राज्य हरियाणा ने पहला स्वर्ण पदक हासिल कर लिया है। दिल्ली के इंदिरा गांधी स्टेडियम में रविवार को हुई प्रतियोगिता में हरियाणा की वृंदा यादव ने पहला स्वर्ण जीता। नीरत कुमार ने एक किलोमीटर साइक्लिंग प्रतियोगिता में, जबकि ममता ने 500 मीटर माउंटेन साइक्लिंग में कांस्य पदक हासिल किया।

इसके अलावा थांग-ता में हरियाणा के आर्यन ने 56 किलोग्राम भार वर्ग में रजत पदक और अंकित ने 60 किलोग्राम भार वर्ग में कांस्य पदक जीता। ममता ने लड़कियों की टीम से 52 किग्रा भार वर्ग में कांस्य पदक भी जीता।

वहीं, योगासन में हरियाणा के दीपांशु ने रजत अपने नाम किया, जबकि आर्टिस्टिक बॉयज डबल्स में सागर रंगा व जीतू ने सिल्वर मेडल जीते। इसी तरह गर्ल्स कबड्डी में राजस्थान ने पंजाब को 31-23 अंकों से मात दी।