केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर की पहल, महिला सुरक्षा कवच की शुरूआत कर हिमाचल पुलिस को दिए 108 हीरो मोटरसाइकिल

हमीरपुर: महिला सुरक्षा भाजपा सरकार की प्राथमिकताओं में हमेशा सर्वोपरि रही है। महिलाओं की सुरक्षा से केवल महिला वर्ग का ही नहीं बल्कि पूरे समाज का हित और भविष्य जुड़ा हुआ है। महिला सुरक्षा को चाक चौबंद करने और प्रदेश के एक एक कोने में सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण, युवा मामले और खेल मंत्री अनुराग सिंह ठाकुर ने मंगलवार को अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के मौके पर हीरो मोटोकॉर्प के सहयोग से हिमाचल प्रदेश पुलिस को 108 मोटरसाइकिलें भेंट करके महिला सुरक्षा कवच का उद्घाटन किया।

ये मोटरसाइकिलें प्रदेश के छह जिलों चंबा, हमीरपुर, ऊना, बिलासपुर, काँगड़ा, सिरमौर और मंडी के थानों एवं चौकियों में तैनात पुलिसकर्मियों के लिए उपयोगी होंगी तथा इनसे महिला अपराधों को रोकने में मदद मिलेगी।

महिला सुरक्षा कवच को घर घर पहुंचाने के मकसद से हमीरपुर के स्कूल मैदान में शानदार कार्यक्रम आयोजित किया गया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए अनुराग सिंह ठाकुर ने कहा “कहावत है कि किसी समाज किसी भी समाज की उन्नति उस समाज की महिलाओं की उन्नति से मापी जा सकती है। हमारी सनातन संस्कृति के अनुसार तो कृष्ण से पहले राधा और राम से पहले सीता का नाम लिया जाता है। नारी ही नर की शक्ति है और बिना नारी के सृष्टि की कल्पना नहीं की जा सकती। घर का काम हो , सामाजिक जीवन हो या वैश्विक मंच महिलाओं ने सदैव अपनी भूमिका का ज़िम्मेदारी पूर्वक निर्वहन किया है।

आज अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस का अवसर हमारे सामने है, यह दिन आपकी प्रतिभा का, आपकी क्षमता का और आपकी निष्ठा को सम्मानित करने का उनके कार्यों के प्रति कृतज्ञता प्रकट करने का दिन है। पूरे भारत विशेषकर हमारे हिमाचल में हमारी मातृशक्ति खेतों खलिहानों में, पुलिस, शिक्षा, स्वास्थ्य, प्रशासन, व्यवसाय, उद्योग जगत और स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से समाज निर्माण व कार्य प्रतिपादन की दिशा में सराहनीय भूमिका निभा रही हैं।

सभी महिलाओं को अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस की बधाई देते हुए अनुराग ठाकुर ने कहा “ हिमाचल की महिलाओं ने हमेशा नेतृत्व क्षमता और जीवन में आगे बढ़ने का संदेश दिया है। हाल ही के दिनों में महिलाओं से जुड़े कई कानूनों में सुधार भी किया गया है जिससे हर क्षेत्र में महिलाओं की भागीदारी कई गुना बढ़ गई है। इसके बावजूद प्रदेश में महिला सुरक्षा पर विशेष ध्यान देने की आवश्यकता है क्योंकि आज भी प्रदेश में महिलाओं के खिलाफ अपराध की खबरें सुनने को मिलती हैं। भारत सरकार महिला सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए निरंतर कदम उठाती रही है। 108 मोटरसाइकिल पुलिस को वितरित करने की यह पहल इस दिशा में और मजबूती लाएगी। केंद्रीय मंत्री ने कि

सनातन संस्कृति में 108 संख्या का बहुत महत्व है। इसे अपने आपमें पूर्ण संख्या माना जाता है। इसी के मद्देनजर महिला सुरक्षा कवच में मोटरसाइकिलों की संख्या 108 रखी है। इससे महिलाओं में भरोसा बढ़ेगा और वे अत्यधिक आत्मविश्वास के साथ आगे आ पाएंगी तथा अपनी उन्नति के मार्ग प्रशस्त कर पाएंगी”

हिमाचल प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री श्री प्रेम कुमार धूमल जी ने इस अवसर पर कहा” “किसी भी महिला के लिए सबसे अच्छी सुरक्षा साहस हो सकती है ।हिमाचल प्रदेश पुलिस विभाग को 108 मोटरसाइकिल प्रदान करने के इस कदम से हमारे राज्य की महिलाएं वास्तव में अधिक साहसी महसूस करेंगी और विभिन्न क्षेत्रों में अपनी भागीदारी को और बढ़ाएंगी।

हमीरपुर लोकसभा के सांसद व केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने विशेष रूप से प्रदेश के नागरिकों विशेषकर महिलाओं के कल्याण के लिए काम किया है। रोजगार सृजन कार्यक्रमों, क्षमता निर्माण कार्यशालाओं, छात्राओं के लिए अनुभवात्मक दौरों, अस्पताल -सांसद मोबाइल स्वास्थ्य सेवा से लेकर उन्होंने महिला सशक्तिकरण के क्षेत्र में सुनिश्चित किया है कि हमारी माताओं, बेटियों और बहनों को स्वास्थ्य सेवाओं, वित्तीय स्वतंत्रता और अपने स्वाभिमान को महसूस करने के लिए सर्वोत्तम अवसर मिले।”