कांग्रेस अध्यक्ष चुनाव के लिए दिग्विजय सिंह दाखिल कर सकते हैं नामांकन, अशोक गहलोत आज सोनिया गांधी से करेंगे मुलाकात

Congress President Election

कांग्रेस के अध्यक्ष पद के चुनाव को लेकर असमंजस की स्थिति के बीच पार्टी के वरिष्ठ नेता दिग्विजय सिंह का नाम संभावित दावेदारों में से एक के रूप में सामने आया।

दरअसल, अध्यक्ष पद की दौड़ में सबसे आगे राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत इस लड़ाई में इसलिए बाहर हो गए क्योंकि उन्होंने मुख्यमंत्री का पद छोड़ने से इनकार कर दिया।

वहीं, अब अशोक गहलोत गुरुवार को दिल्ली में पार्टी अध्यक्ष सोनिया गांधी से मुलाकात करेंगे। इस बीच दिग्विजय सिंह कांग्रेस अध्यक्ष पद के लिए नामांकन दाखिल कर सकते हैं। सूत्रों ने बताया कि वह अंतिम फैसला लेने से पहले पार्टी नेता सोनिया गांधी और अशोक गहलोत के बीच बैठक का इंतजार करेंगे।

सूत्रों ने बताया कि दिग्विजय सिंह शुक्रवार को अपना नामांकन दाखिल कर सकते हैं। आपको बता दें कि कांग्रेस के अध्यक्ष पद के चुनाव के लिए 24 सितंबर से नामांकन शुरू हो गए हैं लेकिन अभी तक कोई नामांकन दाखिल नहीं हुआ है।

बता दें कि कांग्रेस अध्यक्ष पद के लिए नामांकन 24-30 सितंबर के बीच और नामांकन की जांच एक अक्टूबर को होगी। नामांकन आठ अक्टूबर को दोपहर तीन बजे तक वापस लिया जा सकता है और उम्मीदवारों की पहली सूची उसी दिन शाम पांच बजे प्रकाशित की जाएगी।

वहीं, एक से अधिक उम्मीदवार होने पर 17 अक्टूबर को चुनाव होगा और 19 अक्टूबर को मतगणना होगी एवं परिणाम घोषित किए जाएंगे।