कश्मीर में शीतलहर का प्रकोप जारी, तापमान जमाव बिंदु से बहुत नीचे

कश्मीर के कई हिस्सों में शुक्रवार को घना कोहरा छाया रहा और न्यूनतम तापमान जमाव बिंदु से कई डिग्री सेल्सियस नीचे पहुंच गया। घना कोहरा छाए रहने के कारण विजिबिलिटी 50 मीटर से भी कम है। बृहस्पतिवार रात को श्रीनगर का तापमान शून्य से 3.3 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया।

‘चिल्लई-कलां’ की चपेट में कश्मीर

कश्मीर इस समय ‘चिल्लई-कलां’ की चपेट में है। इस दौरान 40 दिनों की भीषण सर्दी पड़ती है। चिल्लई कलां के दौरान क्षेत्र में शीतलहर चलती है और तापमान बेहद नीचे चला जाता है जिस कारण डल झील सहित अन्य जल जम जाते हैं। घाटी के कई हिस्से इस स्थिति का सामना करते हैं।

बता दें कि, इस दौरान पहाडी क्षेत्रों में भारी बर्फबारी की ज्यादा संभावना होती है और चिल्लई कलां की शुरूआत 21 दिसंबर से हुई और यह 31 जनवरी तक जारी रहेगा।