कश्मीर में शहीद हुआ सिरसा का जवान, शाम तक गांव पहुंचेगा पार्थिव शरीर

सिरसा के गांव भावदीन का जवान निशान सिंह दक्षिणी कश्मीर के अनंतनाग में आतंकवादियों के साथ लोहा लेते समय गोली लगने से शहीद हो गया। जवान का पार्थिव शरीर देर शाम को सिरसा गांव भावदीन में पहुंचेगा और अंतिम संस्कार होगा।

बेटे की शहादत की जानकारी शनिवार शाम को परिजनों को मिलते ही पूरे गांव में मातम का माहौल बन गया। जवान का परिवार गहरे सदमे में है। जानकारी के अनुसार करीब पांच वर्ष पहले भावदीन निवासी निशान सिंह (26) आर्मी में भर्ती हुआ था।

निशान सिंह 19 राष्ट्रीय राइफल्स का जवान था और दक्षिणी कश्मीर के अनंतनाग में तैनात था। अनंतनाग जिले के कोकरनाग इलाके के वाटनार गांव में शनिवार देर शाम को आतंकियों की मौजूदगी की सूचना पर सुरक्षा बलों ने गांव की घेराबंदी कर दी थी। इसके बाद आतंकवादियों ने जवानों पर फायरिंग शुरू कर दी। इस दौरान गोली लगने से 19 राष्ट्रीय राइफल्स का जवान निशान सिंह शहीद हो गया।