उपचुनावों में BJP की जीत पर जेपी नड्डा का बयान, बोले- ये मोदी-योगी पर जनता के विश्वास की मुहर

jp nadda

उत्तर प्रदेश में दो लोकसभा सीटों और त्रिपुरा विधानसभा की चार सीटों के उपचुनावों में बीजेपी की जीत को भारतीय जनता पार्टी (BJP) के अध्यक्ष जेपी नड्डा ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सरकार की गरीब कल्याण नीतियों पर जनता के विश्वास की मुहर करार दिया है।

उन्होंने कहा है कि बीजेपी लोगों के जीवन के उत्थान के लिए समर्पित भाव से काम करती रहेगी। अपने संदेश में जेपी नड्डा ने कहा कि उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ और रामपुर लोकसभा उपचुनाव में भाजपा की ऐतिहासिक विजय हुई है। यह विजय प्रधानमंत्री मोदी एवं उनकी अगुआई में योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व वाली भाजपा सरकार की गरीब कल्याण नीतियों पर जनता के विश्वास का प्रतीक है। यह सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास की नीति की एक और जीत है।

उन्होंने कहा, “इस शानदार विजय के लिए मैं उत्तर प्रदेश की महान एवं देवतुल्य जनता के प्रति अपना आभार प्रकट करता हूं। मैं इस जीत के लिए उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री आदरणीय योगी आदित्यनाथ, प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह जी एवं उनकी पूरी टीम को बधाई देता हूँ।”

नड्डा ने कहा कि उत्तर प्रदेश में रामपुर और आजमगढ़ लोकसभा सीटों पर उपचुनाव कई मायनों में महत्वपूर्ण थे। पिछले चुनाव में इन दोनों सीटों पर समाजवादी पार्टी की जीत हुई थी लेकिन इस बार भाजपा ने ये दोनों सीटें बड़े अंतर से समाजवादी पार्टी से छीन ली हैं।

उन्होंने आगे कहा कि उत्तर प्रदेश में 2017 से पहले जिस गुंडाराज, माफियाराज, भ्रष्टाचार और आतंकवाद का बोलबाला था, डबल इंजन की सरकार बनने के बाद जनता को उससे निजात मिली है। महिलाओं की सुरक्षा बढ़ी है, अपराधियों पर कड़ी कार्रवाई हुई है और क़ानून का राज स्थापित हुआ है।

भाजपा की डबल इंजन वाली योगी आदित्यनाथ सरकार ने उत्तर प्रदेश को भय मुक्त प्रदेश बनाया है। जो माफिया पहले दनदनाते घूमते रहते थे, वे आज जेल की हवा खा रहे हैं। जो भय का वातावरण बनाते थे, वे आज खुद भयभीत हैं। डबल इंजन की सरकार में उत्तर प्रदेश में जनता ने लगातार शांति, सुरक्षा और विकास का अनुभव किया है। विकास योजनायें घर-घर पहुँची है। गरीबों को घर मिल रहे हैं, हर घर में उन्हें गैस कनेक्शन, शौचालय, नल से जल, बिजली और आयुष्मान कार्ड मिल रहा है। इसलिए लगातार चहुँ ओर कमल खिल रहा है।

इस दौरान जेपी नड्डा ने कहा कि उत्तर प्रदेश की दोनों सीटों पर जीत के साथ ही त्रिपुरा विधान सभा उपचुनाव में भी बीजेपी को 4 में से 3 सीटों पर भव्य जीत मिली है। राज्य के मुख्यमंत्री डॉ माणिक साहा भी बड़े अंतर से जीते हैं। उन्हें जीत की बधाई और त्रिपुरा की जनता को नमन है।

उन्होंने कहा कि इससे पहले उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, गोवा और मणिपुर विधान सभा चुनाव में भी भाजपा को ऐतिहासिक जीत मिली थी। इसके साथ-साथ देश के विभिन्न राज्यों में हुए स्थानीय निकाय के चुनावों में भी भाजपा को लगातार ऐतिहासिक जीत मिली है।

उन्होंने कहा कि जिस तरह से देश के कोने-कोने से जनता एकजुट होकर प्रधानमंत्री मोदी को अपना आशीर्वाद दे रही है और उनके नेतृत्व में भाजपा को प्रचंड बहुमत मिल रहा है, यह दर्शाता है कि देश की जनता को प्रधानमंत्री मोदी में अटूट विश्वास है और उनके नेतृत्व में केंद्र सरकार एवं भाजपा की राज्य सरकारों की नीति, रीति एवं गरीब कल्याण योजनाओं में गहरी आस्था है। उत्तर प्रदेश और त्रिपुरा के उप-चुनावों में भाजपा की जीत, प्रधानमंत्री की नीतियों एवं उनके द्वारा जनहित में लिए गए निर्णयों पर जनता की एक और मुहर है।

जेपी नड्डा ने कहा, “मैं उत्तर प्रदेश और त्रिपुरा की जनता सहित समग्र राष्ट्र की जनता को विश्वास दिलाता हूँ कि भाजपा हर कदम पर आपके साथ, आपके जीवन के उत्थान के लिए, आपकी भलाई के लिए लगातार समर्पित भाव से काम करती रहेगी।”

उन्होंने आगे कहा कि बीजेपी की ये प्रचंड विजय इस बात का भी परिचायक है कि देश में जातिवाद, परिवारवाद, भ्रष्टाचार और तुष्टिकरण की राजनीति का अंत हुआ है और विकासवाद की संस्कृति प्रतिष्ठित हुई है।