उत्तर प्रदेश में अपराह्न तीन बजे तक 46.78 प्रतिशत मतदान

लोकसभा चुनाव के तीसरे चरण में उत्तर प्रदेश की 10 सीट पर मंगलवार अपराह्न तीन बजे तक औसतन 46.78 प्रतिशत वोट पड़े।

समाजवादी पार्टी (सपा) ने बदायूं और मैनपुरी में कई स्थानों पर प्रशासन पर मतदान में धांधली कराने के गम्भीर आरोप लगाये हैं।

‘वोटर टर्नआउट ऐप’ के मुताबिक अपराह्न तीन बजे तक आगरा में 47.67 प्रतिशत, एटा में 48.93, आंवला में 46.75, फतेहपुर सीकरी में 46.18, फिरोजाबाद में 47.80, बदायूं में 45.44, बरेली में 45.96, मैनपुरी में 46.80, संभल में 52.24 और हाथरस में 44.63 प्रतिशत मतदान हुआ।

राज्य के मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिणवा ने बताया कि तीसरे चरण के तहत उत्तर प्रदेश की 10 लोकसभा सीट- संभल, हाथरस, आगरा, फतेहपुर सीकरी, फिरोजाबाद, मैनपुरी, एटा, बदायूं, आंवला और बरेली के लिए मतदान सुबह सात बजे शुरू हुआ जो शाम छह बजे तक होगा।

सपा ने बदायूं और मैनपुरी में कई स्थानों पर प्रशासन पर मतदान में धांधली कराने के गम्भीर आरोप लगाये हैं।

सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने भाजपा पर मैनपुरी में ‘बूथ’ लूटने की तैयारी करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा, ”भाजपा के लोगों ने पिछले चुनाव में भी बूथ लूटा था तब भी वे बुरी तरह हारे थे। ये फिर बूथ लूटने की तैयारी कर रहे हैं। आप लोग चार-पांच बजे मैनपुरी चले जाना। ये फिर बूथ लूटने जा रहे हैं।”

बदायूं से सपा प्रत्याशी और सपा महासचिव शिवपाल सिंह यादव के बेटे आदित्य यादव ने प्रशासन पर सहसवान विधानसभा के शहबाजपुर बूथ पर सपा समर्थकों को वोट नहीं डालने देने का आरोप लगाया है।

उन्होंने आरोप लगाया कि प्रशासन तमाम तरीके अपनाकर वोट नहीं डालने दे रहा है। उन्होंने कहा कि सहसवान ‘पोलिंग बूथ’ पर समाजवादी पार्टी के ‘पोलिंग’ बस्ते के सारे दस्तावेज फेंककर उसके ऊपर पानी डाल दिया गया।

मैनपुरी जिले में उत्तर प्रदेश राज्य निर्माण सहकारी संघ (पैक्सफेड) के अध्यक्ष प्रेम सिंह शाक्य के वाहन पर कुछ अज्ञात लोगों ने पथराव करके उसे क्षतिग्रस्त कर दिया।

शाक्य ने ‘पीटीआई—भाषा’ से बातचीत में आरोप लगाया कि वह, भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष प्रदीप चौहान और जिला पंचायत के एक पूर्व सदस्य के साथ मतदान का हाल लेने के लिये अपनी कार से निकले थे, तभी कुसमरा इलाके में पांच-छह लोगों ने उनके वाहन पर पथराव किया। उनके अनुसार हमलावर समाजवादी पार्टी जिंदाबाद के नारे लगा रहे थे।

शाक्य के मुताबिक इस घटना में उनकी कार के शीशे टूट गये और चालक शिवम के सिर में चोट आयी।

पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार ने बताया कि मामले में शिकायत मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।

बदायूं में धोरणपुर गांव के लोगों ने मतदान का बहिष्कार किया। उन्होंने अपने गांव को मुख्य सड़क से जोड़ने के लिए सड़क निर्माण की अपनी मांग पर ध्यान नहीं देने का आरोप लगाते हुए राजनेताओं के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया।

जिलाधिकारी मनोज कुमार ने कहा कि यह उनके संज्ञान में आया है और सम्बन्धित उपजिलाधिकारी कल्पना जायसवाल को गांव में भेजा गया एवं उनके समझाने-बुझाने के बाद वहां मतदान शुरू हो गया।

संभल में सपा प्रत्याशी जिया-उर-रहमान बर्क ने आरोप लगाया कि एक पुलिस क्षेत्राधिकारी भाजपा कार्यकर्ता के रूप में काम कर रहे हैं और उन्होंने सपा कार्यकर्ताओं से बैग और मतदाता पर्चियां छीन लीं और उन्हें हिरासत में ले लिया।

उन्होंने चुनाव आयोग से आरोपी अधिकारी को तुरंत हटाने का अनुरोध किया।

उधर, फ़िरोज़ाबाद में नगला जवाहर, नीम खेरिया और नगला उमर गांवों में स्थानीय लोगों ने अपने-अपने गाँव की समस्याओं की ओर ध्यान आकर्षित करने के लिए मतदान का बहिष्कार किया।

मुख्य निर्वाचन अधिकारी रिणवा ने बताया कि मतदान स्थलों पर मतदाताओं एवं मतदान कार्मिंकों को गर्मी और लू से बचाने के लिए आवश्यक प्रबन्ध सुनिश्चित किए गए हैं। उनका कहना है कि मतदान केन्द्रों पर जहां तक मतदाताओं की कतार होगी, वहां तक छाया की व्यवस्था तथा निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित की गई है।

रिणवा ने बताया कि मतदेय स्थलों पर मेडिकल किट (ओ0आर0एस0 पैकेट सहित) का प्रबन्ध किया गया है,साथ ही सहयोग के लिए बूथों पर एवं सेक्टर मजिस्ट्रेट के साथ पैरामेडिकल कर्मी की तैनाती की गयी है।

इस चरण में 100 उम्मीदवार चुनाव मैदान में है तथा 1.88 करोड़ मतदाता हैं। इनमें एक करोड़ से अधिक पुरुष मतदाता और 87 लाख से अधिक महिला मतदाता शामिल हैं।