उत्तर प्रदेश के कानपुर में दर्दनाक सड़क हादसा, 6 लोगों की मौत

उत्तर प्रदेश के कानपुर में एक बेकाबू‌ इलेक्ट्रिक बस ने कई लोगों को रौंद दिया है। बस की रफ्तार इतनी तेज थी कि इसमें कई गाड़ियों और मोटरसाइकिल-स्कूटर को भी नुकसान पहुंचा है। फिलहाल घायलों को अस्पताल में भर्ती करा दिया गया है और उनका इलाज किया जा रहा है।

शहर के बाबूपुरवा थाना क्षेत्र के टाटमिल चौराहे पर एक तेज रफ्तार बस ने कई लोगों को कुचल दिया था। मौके पर भारी संख्या में पुलिस बल मौजूद है।

डीसीपी ईस्ट कानपुर, प्रमोद कुमार ने बताया, ‘एक दुखद घटना हुई है। ये घंटा घर से टाटमिल के बीच में एक बस के द्वारा इस घटना को अंजाम दिया गया। पुलिस को जैसे ही इस घटना की सूचना मिली तो तत्काल आसपास के थाना क्षेत्रों को भी घटनास्थल के लिए रवाना किया गया। तुरंत एंबुलेंस को भी रवाना किया। घायल और हताहत लोगों को अस्पताल में भर्ती करा दिया गया है। मृतकों की संख्या अभी तक 5-6 है। अन्य जांच की जा रही है। बस ड्राइवर की हम लोग खोज कर रहे हैं।’

प्रमोद कुमार ने आगे बताया, ‘कानून के तहत जो भी कार्रवाई होगी वो हम लोग करेंगे। मैंने मौके पर पहुंचकर देखा भी था और जो हमें पता चला है कि 3 कार और कई बाइकें भी इसमें क्षतिग्रस्त हुई हैं। यहां रहने वाले लोगों को भी इसमें काफी नुकसान हुआ है। हम लोग फिलहाल जांच कर रहे हैं।’