उत्तरी क्षेत्रीय परिषद की बैठक में शामिल होने पहुंचे केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह, SYL और पंजाब यूनिवर्सिटी समेत उठे कई मुद्दे

केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह उत्तरी क्षेत्रीय परिषद की 31वीं बैठक में शामिल होने के लिए अमृतसर पहुंचे। बैठक में पंजाब पंजाब की ओर से मुख्य रूप से 7 मुद्दों को उठाया है। पंजाब की ओर से सबसे पहले सूबे में बाढ़ का मुद्दा रखा गया। इसके अलावा पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने हरियाणा के साथ चल रहे विवाद जिसमें पंजाब यूनिवर्सिटी और सतलुज यमुना लिंक कनाल का मुद्दा भी उठाया। पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने कहा कि जब पंजाब बाढ़ में डूब रहा था तो पानी की मांग करने वाले राज्यों ने उनकी तरफ देखा तक नहीं। उन्होंने कहा कि ऐसा हल निकाला जाना चाहिए कि ऐसी समस्या आगे ना आए। इसके साथ ही बाढ़ के मुआवजे को लेकर भी चर्चा हुई है और बाढ़ राहत नियमों में भी बदलाव करने की मांग रखी गई। पंजाब की ओर से पंजाब यूनिवर्सिटी पर हरियाणा के दखल का भी मुद्दा उठाया गया। भगवंत सिंह मान ने कहा कि बीते 50 सालों में हरियाणा की तरफ से कॉलेजों को पंजाब यूनिवर्सिटी से एफिलिएशन की बात नहीं की, लेकिन अब ऐसा क्या हो गया कि उन्हें पंजाब यूनिवर्सिटी से एफिलिएशन चाहिए। पंजाब ने चंडीगढ़ के मुद्दे को भी एक बार फिर गृहमंत्री के सामने रखा। मुख्यमंत्री मान ने कहा कि चंडीगढ़ पंजाब की जमीन पर बसाया गया था और हरियाणा का इस पर कोई हक नहीं है। इसी दौरान सीएम मान ने चंडीगढ़ में अलग जमीन देकर हरियाणा विधानसभा बनाने की मांग को भी पूरी तरह से खारिज कर दिया। वहीं, पंजाब में सतलुज यमुना लिंक कनाल और शनन वॉटर प्रोजेक्ट पर भी बातचीत हुई है और हरियाणा को पानी देने से इनकार किया गया है।