आज से काम पर वापस लौटेंगे एम्स आरडीए के डॉक्टर्स, जारी रहेगी FORDA की हड़ताल

केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री डॉ मनसुख मांडविया का NEET-PG 2021 की काउंसलिंग जल्द कराने के आश्वासन के बाद अब दिल्ली एम्स रेजिडेंट डॉक्टर्स एसोसिएशन ने अपनी हड़ताल वापस लेने का फैसला कर लिया है।

आज एम्स दिल्ली के डॉक्टर्स अपनी हड़ताल खत्म कर देंगे। उनकी तरफ से जारी बयान में कहा गया कि अस्पताल में सभी सेवाएं सामान्य रूप से जारी रहेंगी। वहीं FORDA की हड़ताल अभी भी जारी रहेगी।

दरअसल, बीते सोमवार दिल्ली में NEET-PG काउंसलिंग की मांग को लेकर निकाले गए पैदल मार्च के दौरान रेजिडेंट डाक्टर और पुलिस के बीच झड़प होते दिखी थी। जिसमें कई पुलिसकर्मी समेत डॉक्टर्स घायल हुए थे।

वहीं, मार्च में शामिल कई डॉक्टर्स को पुलिस ने हिरासत में भी लिया था जिस पर दिल्ली एम्स ने नाराजगी जताई थी। स्वास्थ मंत्री ने रेजिडेंट डॉक्टर्स से मुलाकात कर पुलिस की तरफ से की गई कार्रवाई की निंदा की और नीट-पीजी काउंसलिंग डेट पर भी आश्वासन दिया।

जिसके बाद AIIMS RDA की तरफ से आज होने वाली स्ट्राइक का कॉल ऑफ हो गया। FORDA की बैठक में रेजिडेंट डॉक्टर्स ने हड़ताल जारी रखने का फैसला लिया है। यह जानकारी SRDA महासचिव अनुज अग्रवाल ने दी है।