अयोध्या : दीपोत्सव में आधी रात के बाद भी जनता के लिए जारी रहेगा लेजर शो

laser show

उत्तर प्रदेश में श्रीराम नगरी अयोध्या में रविवार को होने वाले भव्य दीपोत्सव में मुख्य आयोजन का केन्द्र बिंदु लेजर शो होगा। यह कार्यक्रम विशेष आकर्षण का केंद्र होगा, जिसे प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के समक्ष प्रस्तुत किया जाएगा।

जिला प्रशासन ने अयोध्या में दीपोत्सव को भव्य बनाने के लिए राम की पैड़ी पर लेजर शो की व्यवस्था की है। इसका नियमित रिहर्सल 20 अक्टूबर से किया जा रहा है। अयोध्या के जिलाधिकारी नितीश कुमार ने छठे दीपोत्सव 2022 के मुख्य कार्यक्रम राम की पैड़ी पर आयोजित लेजर शो के बारे में बताया कि रविवार को प्रधानमंत्री मोदी व अन्य अतिथियों की उपस्थिति में लेजर शो होगा।

इस कार्यक्रम के उपरांत रात्रि 9 बजे से 1 बजे तक 25-25 मिनट के 8 लेजर शो किए जाएंगे, जिनका लुत्फ श्रद्धालु उठा सकेंगे। जिलाधिकारी ने बताया कि आयोजन के क्रम में पहला शो रात्रि 9 बजे से 9ः25 बजे तक, दूसरा शो रात्रि 9ः30 बजे से 9ः55 बजे तक, तीसरा शो 10 बजे से 10ः25 बजे तक, चौथा शो रात्रि 10ः30 बजे से 10ः55 बजे, पांचवा शो रात्रि 11 बजे से 11ः25 बजे तक, छठा शो रात्रि 11ः30 बजे से 11ः55 बजे तक, सातवां शो रात्रि 12 बजे से 12ः25 बजे तक तथा आठवां शो 12ः30 बजे से रात्रि 01 बजे तक चलाया जाएगा।

इसी प्रकार दिवाली के दिन यानि 24 अक्टूबर को पहला शो शाम 6ः30 बजे से, दूसरा शो 7ः30 बजे से, तीसरा शो 8ः30 बजे से तथा चौथा शो रात्रि 9ः30 बजे से आयोजित होगा, जिसमें सभी श्रद्वालु व आमजन इस भव्य लेजर शो आनंद ले सकेंगे।

वहीं, दीपोत्सव की तैयारियां पूरी होने की जानकारी देते हुए सीएम योगी ने लेजर शो के रिहर्सल की तस्वीर सोशल मीडिया पर साझा की। ट्वीट में उन्होंने कहा, “दीपोत्सव, धर्म और सत्य की विजय की ऊर्जा से पूरित एक ‘महापर्व’ है। इस अद्भुत, अद्वितीय, अप्रतिम अनुभव के लिए श्री अयोध्या जी पुनः तैयार हैं।”