सपा नेताओं की बहू-बेटियां भी मानती हैं कि बीजेपी में महिलाएं सुरक्षित : अनुराग ठाकुर

anurag thakur
anurag thakur

केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने अपर्णा यादव के भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) में शामिल होने के बाद समाजवादी पार्टी (सपा) पर तंज कसते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव की पुत्रवधू और स्वामी प्रसाद मौर्य की बेटी भाजपा में अपने आप को सुरक्षित महसूस करती हैं।

मीडिया के साथ बातचीत के दौरान अनुराग ठाकुर ने कहा, ‘मुलायम सिंह यादव की पुत्रवधू अपर्णा यादव भाजपा में शामिल हुई हैं। हम उनका बहुत स्वागत करते हैं। यह अपने आप में इशारा करता है कि उत्तर प्रदेश में पिछले पांच वर्ष में योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व की सरकार ने बहू-बेटी को सुरक्षा देने का काम किया है।’

उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में महिलाएं आज बाहर जा सकती हैं, काम कर सकती हैं और खुद को सुरक्षित महसूस करती हैं क्योंकि वहां की भाजपा सरकार ने महिलाओं को सुरक्षा और अधिकार देने का काम किया है।

अनुराग ठाकुर ने आगे कहा, ‘उदाहरण साफ है। बहू हो या बेटी, भाजपा में सुरक्षित हैं। मुलायम सिंह यादव की पुत्रवधू और स्वामी प्रसाद मौर्य की बेटी दोनों ही भाजपा में अपने आप को सुरक्षित महसूस करती हैं।’ बता दें कि अपर्णा यादव ने बुधवार को भाजपा मुख्यालय में उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह की मौजूदगी में बीजेपी का दामन थाम लिया।

वहीं, सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव के विधानसभा चुनाव लड़ने को लेकर जारी अटकलों के बारे में पूछे जाने पर अनुराग ठाकुर ने कहा कि उनकी पहली ही सूची में विरोध सामने आया है। उन्होंने कहा कि सपा और उसके सहयोगियों में उम्मीदवारों के नामों को लेकर मतभेद भी सामने आए हैं।

केंद्रीय मंत्री ने कहा कि उन्होंने जिस प्रकार के उम्मीदवार मैदान में उतारे हैं, इसे लेकर उनकी आलोचना भी हो रही है क्योंकि सपा और राष्ट्रीय लोकदल की उम्मीदवारों की सूची में कई ऐसे उम्मीदवार हैं जिनके खिलाफ गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हैं।