Indian Army Day 2022: आज क्यों मनाया जाता है सैन्य दिवस, क्या है खास, जानें…

गणतंत्र दिवस से ठीक 11 दिन पहले मनाया जाता है सैन्य दिवस। 15 जनवरी का दिन भारत के लिए बेहद अहम दिन होता है। आज के दिन को भारत में हर साल भारतीय सेना दिवस के तौर पर मनाया जाता है। 15 जनवरी भारत के गौरव को बढ़ाने और सीमा की सुरक्षा करने वाले जवानों के सम्मान का दिन होता है। बता दें देश में  इस साल भारत का 74 वां सेना दिवस मनाया जा रहा है।

हर बार की तरह इस बार भी नई दिल्ली और सभी सेना मुख्यालयों पर सैन्य परेडों, सैन्य प्रदर्शनियों और अन्य कार्यक्रमों का आयोजन होता है।  वहीं सैन्य दिवस के इस मौके पर, देश थल सेना की वीरता, उनके शौर्य और कुर्बानियों को याद करता है। लेकिन सवाल ये हैं कि 15 जनवरी को ही भारतीय सेना दिवस क्यों मनाया जाता है ?  बता दें कि भारतीय सेना दिवस फील्ड मार्शल केएम करियप्पा के सम्मान में मनाया जाता है।

करियप्पा स्टेडियम में हर साल होता है, कार्यक्रम का आयोजन

नई दिल्ली में स्थित करियप्पा स्टेडियम में हर साल सैन्य दिवस के अवसर पर कार्यक्रम का आयोजन किया जाता है, जिसमें भारतीय थल सेना अपना शौर्य दिखाती है।

पीएम मोदी ने दी शुभकामनाएं

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सैन्य दिवस के अवसर पर ट्वीट कर शुभकामनाएं दी और लिखा कि सेना दिवस के अवसर पर, विशेष रुप से हमारे साहसी सैनिकों, सम्मानित दिग्गजों और उनके परिवारों को शुभकामनाएं। भारतीय सेना अपनी बहादुरी और पेशेवराना अंदाज के लिए जानी जाती है। राष्ट्रीय सुरक्षा की दिशा में भारतीय सेना के अमूल्य योगदान के साथ न्याय नहीं कर सकते हैं।