केंद्र ने आतंकवाद को खत्म करने के लिए NIA और राज्य की एजेंसियों को पूर्ण समर्थन का आश्वासन दिया

सम्मेलन में देश में आतंकवाद के खतरे का मुकाबला करने के लिए सभी केंद्रीय और राज्य खुफिया, सुरक्षा और कानून प्रवर्तन एजेंसियों द्वारा ‘एकजुट और समन्वित’ प्रयासों को तेज करने का संकल्प लिया गया, जिसमें आतंक के पूरे तंत्र को खत्म करने तथा आतंकी फंडिंग को रोकने पर ध्यान केंद्रित किया गया।

उत्तरी अमेरिका के Houston में पहला गांधी संग्रहालय खुला, सत्याग्रह आंदोलन और अहिंसक संघर्ष की दिखेगी झलक

संग्राहलय के भव्य उद्धाटन का जश्न मनाने के लिए सोमवार दोपहर को कई अतिथियों को आमंत्रित किया गया, जिनमें महात्मा गांधी के पोते, डॉ. राजमोहन गांधी और मार्टिन लूथर किंग के भतीजे, आईजैक न्यूटन फैरिक जूनियर, ह्यूस्टन स्थित सीजीआई डी मंजूनाथ विशेष अतिथि थे।

Sikkim Flood: मृतकों की संख्या बढ़कर 26 हुई, 142 लोग लापता

मृतकों में सेना के सात जवान भी शामिल हैं। अधिकारियों ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।

अधिकारियों ने कहा कि 142 लोग अब भी लापता हैं, वहीं करीब 2,413 लोगों को बचा लिया गया है और वे राहत शिविरों में शरण लिये हुए हैं।

ICC विश्व कप मैचों के दिन अतिरिक्त ट्रेनों का होगा संचालन- DMRC

डीएमआरसी ने एक बयान में कहा, ‘‘ सात, 11, 15, 25 अक्टूबर और छह नवंबर 2023 को नयी दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम (फिरोज शाह कोटला मैदान) में आयोजित होने वाले क्रिकेट विश्व कप 2023 मैचों (दिन-रात्रि) के दौरान दर्शकों की आवाजाही को सुविधाजनक बनाने के लिए मेट्रो ने सभी लाइनों (एयरपोर्ट एक्सप्रेस लाइन को छोड़कर) पर अपनी आखिरी ट्रेन के समय में मामूली बदलाव किया है।’’

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह अगले सप्ताह फ्रांस जाएंगे

भारत और फ्रांस के विमान और हेलीकॉप्टर इंजनों के संयुक्त निर्माण सहित कई रक्षा सहयोग परियोजनाओं की घोषणा करने के लगभग तीन महीने बाद रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह अगले सप्ताह पेरिस जायेंगे।

सूत्रों ने शुक्रवार को कहा कि दो देशों की यात्रा के तहत उनके इटली जाने की भी संभावना है और यात्रा कार्यक्रम को अंतिम रूप दिया जा रहा है।

चंद्रयान-3 के लैंडर और रोवर के पुन: सक्रिय होने की अब कोई उम्मीद नहीं: अंतरिक्ष वैज्ञानिक

चंद्रयान-3 के लैंडर ‘विक्रम’ और रोवर ‘प्रज्ञान’ के पुन: सक्रिय होने की अब कोई उम्मीद नहीं है। यह बात शुक्रवार को एक जाने-माने अंतरिक्ष वैज्ञानिक ने कही, जो भारत के तीसरे चंद्र मिशन के संभावित अंत का संकेत है।

मिशन से सक्रिय रूप से जुड़े रहे अंतरिक्ष आयोग के सदस्य एवं इसरो के पूर्व अध्यक्ष ए एस किरण कुमार ने पीटीआई-भाषा से कहा, “नहीं, नहीं, अब इसके फिर सक्रिय होने की कोई उम्मीद नहीं है। अगर यह होना होता, तो अब तक हो जाना चाहिए था।”

भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) ने 22 सितंबर को कहा था कि नया चंद्र दिवस शुरू होने के बाद सौर ऊर्जा चालित ‘विक्रम’ लैंडर और ‘प्रज्ञान’ रोवर के साथ संपर्क स्थापित करने के प्रयास किए गए हैं ताकि उनके फिर से सक्रिय होने की संभावना का पता लगाया जा सके।

इसने कहा था कि फिलहाल उनकी (लैंडर और रोवर) ओर से कोई संकेत नहीं मिले हैं और संपर्क स्थापित करने के प्रयास जारी रहेंगे।

चंद्रयान-3 मिशन के साथ भारत ने 23 अगस्त को चंद्रमा के दक्षिणी ध्रुव क्षेत्र में ‘सॉफ्ट लैंडिंग’ कर इतिहास रच दिया था और ऐसा करने वाला यह दुनिया का पहला देश बन गया था। इसके साथ ही भारत चंद्रमा पर सफल ‘सॉफ्ट लैंडिंग’ के साथ अमेरिका, पूर्ववर्ती सोवियत संघ और चीन के बाद ऐसा करने वाला विश्व का चौथा देश बन गया था।

इसरो ने चंद्रमा पर रात होने से पहले क्रमशः 4 और 2 सितंबर को लैंडर तथा रोवर को निष्क्रिय अवस्था (स्लीप मोड) में डाल दिया था, जिनके 22 सितंबर के आसपास अगले सूर्योदय पर फिर से सक्रिय होने की उम्मीद थी।

लैंडर और रोवर को एक चंद्र दिवस की अवधि (पृथ्वी के लगभग 14 दिन) तक कार्य करने के लिए डिजाइन किया गया था।

इसरो के अधिकारियों के अनुसार, चंद्रयान-3 मिशन के सभी तीन उद्देश्य हासिल कर लिए गए हैं जिनमें चंद्रमा की सतह पर सुरक्षित ‘सॉफ्ट लैंडिंग’, चंद्रमा पर घूमने वाले रोवर का प्रदर्शन और चंद्र सतह पर वैज्ञानिक प्रयोग शामिल हैं।

चंद्रयान-3 मिशन की उपलब्धि के संबंध में किरण कुमार ने कहा, “बड़े अर्थों में, आपने निश्चित रूप से जो हासिल किया है वह यह है कि आप एक ऐसे क्षेत्र (दक्षिणी ध्रुव) पर पहुंच गए हैं, जहां कोई और नहीं पहुंचा है तथा उस क्षेत्र का वास्तविक डेटा प्राप्त नहीं किया है। यह वास्तव में बहुत उपयोगी जानकारी है। इससे बाद के अभियानों को ज्ञान के संदर्भ में और उन गतिविधियों की योजना बनाने के संदर्भ में लाभ होगा जो आप उस क्षेत्र में करना चाहते हैं।”

उन्होंने इसरो द्वारा चंद्रमा से नमूने लाए जाने संबंधी मिशन शुरू करने की संभावना के बारे में भी बात की, लेकिन इस तरह का अभियान शुरू करने के लिए कोई समयसीमा नहीं दी।

कुमार ने कहा, ‘‘हां, निश्चित रूप से भविष्य में यह सब वहां होगा क्योंकि ये सभी प्रौद्योगिकी क्षमताएं हैं जिन्हें आप विकसित करते रहते हैं, अब इसने (चंद्रयान-3) ‘सॉफ्ट लैंडिंग’ की उपलब्धि हासिल की है और इसके बाद के अभियानों में वहां से सामग्री उठाई जाएगी तथा वापस लाई जाएगी, निश्चित तौर पर वे सभी मिशन होंगे।’’

उन्होंने कहा, “भविष्य में इनमें से कई चीजों पर काम होगा। योजनाएं बनाई जाएंगी और फिर प्रौद्योगिकी विकास के समग्र दृष्टिकोण के आधार पर प्रस्ताव रखे जाएंगे।”

कुमार ने कहा, ‘‘यह पूरी तरह से इस बात पर निर्भर करता है कि समग्र योजना कैसे बनती है, और कितने संसाधन उपलब्ध कराए जाते हैं, इसलिए यह (नमूना-वापसी मिशन के लिए समयसीमा) बताना बहुत मुश्किल है।’’

दो वर्ष में देश से वामपंथी उग्रवाद का पूरी तरह सफाया हो जाएगा: अमित शाह

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने शुक्रवार को कहा कि दो वर्ष में देश से वामपंथी उग्रवाद का पूरी तरह सफाया हो जाएगा।

वामपंथी उग्रवाद प्रभावित राज्यों में सुरक्षा स्थिति की समीक्षा के लिए आयोजित एक बैठक की अध्यक्षता करते हुए शाह ने यह भी कहा कि वर्ष 2022 में पिछले चार दशकों में नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में हिंसा और मौतों की सबसे कम घटनाएं हुईं।

महामारी के बाद परिवारों के खर्च करने से बचत दर गिरीः आरबीआई

भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) ने शुक्रवार को कहा कि महामारी से जुड़ी बंदिशें हटने के बाद लोगों के खर्च करने और अधिक आवास ऋण लेने से परिवारों की बचत दर पिछले वित्त वर्ष में घटकर पांच दशक के निचले स्तर पर आ गई।

भारत अगले हफ्ते G-20 देशों की संसद के पीठासीन अधिकारियों के शिखर सम्मेलन की मेजबानी करेगा

लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने शुक्रवार को कहा कि भारत जी20 देशों की संसद के पीठासीन अधिकारियों की आगामी बैठक ‘पार्लियामेंट-20’ के दौरान कनाडा के उच्च सदन ‘सीनेट’ के स्पीकर के समक्ष सभी मुद्दे उठाएगा।

द्वारका में 12 से 14 अक्टूबर तक ‘इंडिया इंटरनेशनल कन्वेंशन एंड एक्सपो सेंटर’ – यशोभूमि – में आयोजित होने वाले इस शिखर सम्मेलन में 25 पीठासीन अधिकारियों और जी20 के सदस्य देशों तथा आमंत्रित देशों के 10 डिप्टी-स्पीकर के शामिल होने की उम्मीद है।

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी 13 अक्टूबर को ‘जी20 पार्लियामेंट्री स्पीकर्स समिट’ (पी20) का उद्घाटन करेंगे।

पी20 शिखर सम्मेलन में कनाडा का प्रतिनिधित्व सीनेट के स्पीकर रेमोंडे गैग्ने करेंगे। जून में कनाडा के ब्रिटिश कोलंबिया में खालिस्तानी अलगाववादी हरदीप सिंह निज्जर की हत्या कर दी गई थी, जिसके बाद कनाडा के प्रधानमंत्री जस्टिन ट्रूडो ने (कनाडा की) संसद में, इस हत्या से भारतीय एजेंटों का संबंध होने का आरोप लगाया था। ट्रूडो के यह आरोप लगाने के बाद दोनों देशों के बीच संबंधों में तनाव पैदा हो गया है।

बिरला से जब यह पूछा गया कि क्या कनाडा की संसद में भारत के खिलाफ आरोप लगाए जाने के मुद्दे को कनाडा (की संसद) के पीठासीन अधिकारी के समक्ष उठाया जाएगा, तो उन्होंने कहा, “हम सम्मेलन के लिए सूचीबद्ध मुद्दों पर चर्चा करेंगे। अन्य मुद्दों पर अनौचारिक रूप से बात की जाएगी।”

यह शिखर सम्मेलन तीन दिवसीय होगा। इसमें 350 से अधिक प्रतिनिधियों के शरीक होने की उम्मीद है।

गोवा में 26 अक्टूबर को राष्ट्रीय खेलों का उद्घाटन करेंगे प्रधानमंत्री मोदी

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी गोवा में 26 अक्टूबर को 37वें राष्ट्रीय खेलों का उद्घाटन करेंगे । मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत ने शुक्रवार को यह जानकारी दी ।

राज्य के खेल मंत्री गोविंद गाउडे और राष्ट्रीय खेल तकनीकी समिति के अध्यक्ष अमिताभ शर्मा की मौजूदगी में पत्रकारों से बातचीत में सावंत ने कहा कि गोवा के खेल अनूठे होंगे ।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी 26 अक्टूबर को शाम को 6 . 30 पर जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में खेलों का उद्घाटन करेंगे ।

खेल 28 स्थानों पर होंगे और 43 स्पर्धाओं में 10000 से अधिक एथलीट भाग लेंगे ।

मुख्यमंत्री ने कहा कि इसमें गोवा के पांच देसी खेल भी होंगे । साइकिलिंग और गोल्फ की स्पर्धायें दिल्ली में होंगी ।