राजनाथ सिंह का चीन को सख्त संदेश- भारत को अगर किसी ने छेड़ा तो वह छोड़ेगा नहीं

rajnath singh

चीन को सख्त संदेश देते हुए रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि अगर भारत को किसी ने नुकसान पहुंचाया तो वह भी बख्शेगा नहीं। उन्होंने इस बात पर भी जोर दिया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत एक शक्तिशाली देश के तौर पर उभरा है और दुनिया की शीर्ष तीन अर्थव्यवस्थाओं में से एक बनने की ओर अग्रसर है।

सैन फ्रांसिस्को में भारतीय-अमेरिकी समुदाय को संबोधित करते हुए राजनाथ सिंह ने अमेरिका को एक सूक्ष्म संदेश भी दिया कि भारत “जीरो-सम गेम’’ की कूटनीति में विश्वास नहीं करता और किसी एक देश के साथ उसके संबंध दूसरे देश की कीमत पर नहीं हो सकते।

बता दें कि ‘जीरो-सम गेम’ उस स्थिति को कहा जाता है जिसमें एक पक्ष को हुए नुकसान के बराबर दूसरे पक्ष को लाभ होता है। अपने संबोधित में उन्होंने चीन के साथ सीमा पर भारतीय सैनिकों द्वारा दिखाई गई वीरता का जिक्र किया।

रक्षा मंत्री ने कहा, “मैं खुले तौर पर यह नहीं कह सकता कि उन्होंने (भारतीय सैनिकों ने) क्या किया और हमने (सरकार ने) क्या फैसले लिए। लेकिन मैं निश्चित तौर पर कह सकता हूं कि (चीन को) एक संदेश गया है कि भारत को अगर कोई छेड़ेगा तो भारत छोड़ेगा नहीं।”

बता दें कि पैंगोंग झील क्षेत्र में हिंसक झड़प के बाद पांच मई, 2020 को भारतीय और चीनी सेनाओं के बीच सीमा गतिरोध शुरू हो गया था। 15 जून, 2020 को गलवान घाटी में हुयी झड़पों के बाद गतिरोध और बढ़ गया। इन झड़पों में 20 भारतीय सैनिक शहीद हो गए थे। हालांकि चीन ने इस संबंध में कोई आधिकारिक ब्यौरा नहीं दिया।

वहीं, यूक्रेन युद्ध के कारण रूस के संबंध में अमेरिकी दबाव का कोई सीधा संदर्भ दिए बिना राजनाथ सिंह ने कहा कि भारत “जीरो-सम गेम’ कूटनीति में विश्वास नहीं करता है। उन्होंने कहा कि अगर भारत के किसी एक देश के साथ अच्छे संबंध हैं, तो इसका मतलब यह नहीं है कि किसी अन्य देश के साथ उसके संबंध खराब हो जाएंगे।

उन्होंने कहा, “भारत ने कभी भी इस तरह की कूटनीति नहीं अपनाई है। भारत कभी भी इसे (इस तरह की कूटनीति) नहीं अपनाएगा। हम अंतरराष्ट्रीय संबंधों में ‘जीरो-सम गेम’ में विश्वास नहीं करते हैं।”

राजनाथ सिंह ने कहा कि भारत ऐसे द्विपक्षीय संबंध बनाने में विश्वास करता है जिससे दोनों देशों को समान रूप से फायदा हो। उनकी टिप्पणी यूक्रेन संकट पर भारत की स्थिति और रियायती दर पर रूसी तेल खरीदने के फैसले पर अमेरिका में कुछ बेचैनी के बीच आई।

उन्होंने आगे कहा, “भारत की छवि बदल गई है। भारत का सम्मान बढ़ा है। अगले कुछ वर्षों में दुनिया की कोई भी ताकत भारत को दुनिया की शीर्ष तीन अर्थव्यवस्था में से एक बनने से नहीं रोक सकती।”