बड़ा फेरबदल : कांग्रेस ने प्रतिभा वीरभद्र सिंह को हिमाचल में पार्टी अध्यक्ष नियुक्त किया

pratibha

हिमाचल प्रदेश विधानसभा चुनाव से कुछ महीने पहले कांग्रेस ने राज्य स्तर पर बड़ा बदलाव करते हुए पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह की पत्नी प्रतिभा वीरभद्र को पार्टी का प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त किया है।

मंगलवार को जारी कांग्रेस की विज्ञप्ति के अनुसार, मुकेश अग्निहोत्री को कांग्रेस विधायक दल का नेता नियुक्त किया गया है, जबकि सुखविंदर सिंह सुक्खू को पार्टी की प्रचार समिति का अध्यक्ष बनाया गया है।

कांग्रेस महासचिव केसी वेणुगोपाल की ओर से जारी बयान अनुसार पूर्व केंद्रीय मंत्री और ‘जी 23’ के सदस्य आनंद शर्मा को स्क्रीनिंग कमेटी का अध्यक्ष और आशा कुमारी को संयोजक बनाया गया है। घोषणा पत्र कमेटी में धनीराम शांडिल को अध्यक्ष और अशीष बुटेल को उपाध्यक्ष और रोहित ठाकुर को संयोजक बनाया है।

Image

कौल सिंह ठाकुर को समन्वयक समिति का अध्यक्ष, सुरेश चंदेल को उपाध्यक्ष तथा प्रकाश चौधरी को संयोजक बनाया गया है। चुनाव प्रबंधन समिति में राम लाल ठाकुर को अध्यक्ष, कुलदीप सिंह पठानिया और अनिरूद्ध सिंह को उपाध्यक्ष, तथा रघुवीर सिंह बाली को संयोजक बनाया गया है।

बता दें कि हिमाचल प्रदेश की 68 सदस्यीय विधानसभा में इस समय भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के 43 विधायक हैं और कांग्रेस के 22 विधायक हैं। पिछले साल नवंबर में कांग्रेस ने मंडी लोकसभा सीटों और फतेहपुर, जुब्बल-कोटखाई और अर्की विधानसभा सीटों पर जीत हासिल की थी। राज्य में इस साल के अंत तक चुनाव हो सकते है।