आतंकी हमले के धमकी भरे ईमेल के बाद दिल्ली में हाई अलर्ट, कई बाजारों में सर्च ऑपरेशन

दिल्ली में आतंकी हमले के अलर्ट के बाद पुलिस ने सतर्कता को बढ़ा दिया है। राजधानी में संभावित आतंकी हमलों के इनपुट मिलने के बाद नई दिल्ली में एक हाई सुरक्षा अलर्ट जारी किया गया है।

सूत्रों के मुताबिक उत्तर प्रदेश पुलिस को राजधानी में आतंकी हमले की साजिश का पता चला था। दिल्ली पुलिस स्पेशल सेल के अधिकारी के मुताबिक आतंकी संगठन तहरीक-ए-तालिबान (इंडियन सेल) की तरफ से धमकी वाले ईमेल मिले थे।

हाई सिक्योरिटी अलर्ट जारी होने के बाद पुलिस ने देर रात को गश्त किया। दिल्ली पुलिस स्पेशल सेल के अधिकारी के अनुसार यूपी पुलिस को आतंकी संगठन तहरीक ए तालिबान की ओर से एक धमकी वाले ई मेल मिले। इनको यूपी पुलिस ने दिल्ली पुलिस को फॉरवर्ड किया है।

इसके बाद दिल्ली पुलिस ने मंगलवार को दिल्ली के सरोजनी नगर मार्केट में गश्त को बढ़ा दिया है। बता दें कि सरोजिनी नगर में काफी भीड़ होती है और यहां पहले भी बम ब्लास्ट की घटना हो चुकी है।