अप्रैल महीने में दूसरी बार हिमाचल प्रदेश के दौरे पर जेपी नड्डा, जानें पूरा कार्यक्रम…

jp nadda

भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा अप्रैल के महीने में दूसरी बार पहाड़ी राज्य हिमाचल प्रदेश के दौरे पर जा रहे हैं। नड्डा 22 और 23 अप्रैल को हिमाचल प्रदेश के दो दिवसीय दौरे पर रहेंगे।

अपने दो दिवसीय हिमाचल दौरे क दौरान जेपी नड्डा भव्य रोड शो करेंगे, एक रैली को संबोधित करेंगे और पार्टी नेताओं के साथ चुनाव की तैयारियों को लेकर संगठनात्मक बैठक भी करेंगे।

आपको बता दें कि अप्रैल के महीने में भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा का प्रदेश का यह दूसरा दौरा है। इससे पहले 9 से 11 अप्रैल के बीच नड्डा अपने गृह राज्य हिमाचल प्रदेश में तीन दिन तक रहे थे। उन तीन दिनों के दौरान नड्डा ने हिमाचल प्रदेश के शिमला और बिलासपुर का दौरा किया था और इस बार नड्डा कांगड़ा का दौरा करने जा रहे हैं।

जानिए नड्डा का पूरा कार्यक्रम

वहीं, सूत्रों के मुताबिक, नड्डा 22 अप्रैल को नगरोटा बगवां बाजार में भव्य रोड शो करेंगे और रोड शो के बाद नगरोटा बगवां बाजार में ही दोपहर 12 बजे एक विशाल जनसभा को संबोधित करेंगे। शाम 6:30 बजे नड्डा ऐतिहासिक मां चामुंडा माता मंदिर में पूजा अर्चना भी करेंगे।

सूत्रों के मुताबिक, हिमाचल प्रदेश दौरे के दूसरे दिन 23 अप्रैल को नड्डा सुबह 9:30 बजे धर्मशाला के सर्किट हाउस में कांगड़ा संसदीय क्षेत्र के नेताओं की बैठक लेंगे और इसके बाद सुबह 11:20 बजे कांगड़ा के प्रसिद्ध मां ब्रजेश्वरी माता मंदिर में पूजा करेंगे।

आपको बता दें कि जेपी नड्डा भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष हैं और हिमाचल प्रदेश उनका गृह राज्य भी है। प्रदेश में इसी साल के अंत में विधानसभा चुनाव होने हैं और भाजपा के सामने तमाम मिथकों को तोड़ते हुए प्रदेश में लगातार दूसरी बार सरकार बनाने की बड़ी चुनौती है।

बतौर राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा की प्रतिष्ठा भी हिमाचल प्रदेश में दांव पर लगी है और उनके लगातार दौरे को इस लिहाज से काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा है।